Published:
12 Sep 2026, 02:26 PM
Category:
राज्य
|
By: Himalaya Ratan
देहरादून में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक सुपारी किलर घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। यह बदमाश उस युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपी है, जिसे कुछ दिन पहले बड़ोवाला क्षेत्र में गोली मारी गई थी। मुठभेड़ के दौरान बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बड़ोवाला क्षेत्र में स्कूटी से जा रहे उनके फुफेरे भाई सत्यम कुमार पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने जानलेवा हमला कर गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पटेल नगर कोतवाली में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
जांच के दौरान, पुलिस को सूचना मिली कि बड़ोवाला फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हुए हैं। इस सूचना पर शुक्रवार रात पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गोरखपुर चौक पर पुलिस ने एक संदिग्ध बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया।
पुलिस टीम को देखकर दोनों बदमाश अपनी मोटरसाइकिल भगाकर प्रेम नगर की ओर जाने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो वे चाय बागान पगडंडी पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान हरिद्वार के लक्सर निवासी अंकित चौहान के रूप में हुई है, जबकि फरार बदमाश का नाम अंकुर है। पुलिस ने अंकित चौहान के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। अंकित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में अंकित ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम कुमार को जान से मारने की सुपारी ली थी। यह सुपारी एक महिला दोस्त और उसके साथी मोहित ने दी थी। महिला दोस्त ने बताया कि सत्यम ने शादी का झांसा देकर उससे रिश्ता तोड़ दिया था और किसी अन्य से सगाई कर ली थी। सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए उन्हें 5 लाख रुपये की सुपारी मिली थी, जिसमें से 1 लाख 20 हजार रुपये एडवांस में दिए गए थे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए दिल्ली और हरियाणा भाग गए थे। शुक्रवार रात वे बची हुई रकम लेने मोहित के कहने पर वापस देहरादून आए थे, तभी पुलिस चेकिंग के दौरान उनकी मुठभेड़ हो गई। फरार बदमाश अंकुर की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
