Published:
02 Dec 2025, 05:44 AM
|
Updated:
02 Dec 2025, 05:43 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
एक मां ने अपने बेटे को रेप केस से बचाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत दे दी। जब उससे और पैसे मांगे गये तो उसे पता चला कि उसके साथ फ्रॉड हो गया है। मां ने साइबर सैल में शिकायत दर्ज कर अपनी रकम वापस करवाने की मांग की है।
भगत सिंह चौक, डोगरा गली, रुद्रपुर निवासी सरोज डोगरा ने साइबर सैल, रुद्रपुर में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि दिनांक 29-11-2025 को उनके व्हाट्सऐप पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि मैं दिल्ली पुलिस स्टेशन से बात कर रहा हूं। आपके बेटे पर वकील की लड़की के साथ रेप का केस दर्ज हुआ है, जिसमें तीन अन्य लड़कों को 8 साल की सजा हो चुकी है और आपका बेटा उनका दोस्त है। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके बेटे का नाम अश्विन डोगरा है। फिर उनके बेटे को फोन पर मारा गया, रोने की आवाज आई, और आवाज उनके बेटे से मिलती-जुलती थी।
पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करने वाले ने कहा कि अगर आप अपने बेटे को जेल जाने से बचाना चाहते हैं तो 2 लाख रुपये भेजें। डर की वजह से उन्होंने अपने परिचित के माध्यम से 45,000 रुपये और 25,000 रुपये भेज दिए।
महिला ने बताया कि इसके बाद दोबारा फोन आया कि एसपी साहब मान नहीं रहे हैं, 50,000 रुपये और भेजो। उन्होंने फिर अपने परिचित के माध्यम से 50,000 रुपये भेज दिए। लेकिन इसके बाद भी वह और रुपये मांगने लगा। उनके पास और रुपये नहीं थे, तो वह टुकटुक से कोर्ट में मैडम से मिलने गईं, जहां उन्हें बताया गया कि यह फ्रॉड है।
सरोज डोगरा ने उक्त साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी रकम वापस दिलवाने की मांग की है।
