“राजाजी टाइगर रिजर्व में तेज़ गति ट्रेन ने हाथी के बच्चे को रौंदा, गुस्साए हाथियों ने ट्रेन रोकी; पायलट पर मुकदमा दर्ज”

Published: 01 Dec 2025, 08:06 AM   |   Updated: 01 Dec 2025, 08:05 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हरिद्वार। सोमवार सुबह हरिद्वार–रायवाला रेलवे ट्रैक पर तेज़ गति ट्रेन की चपेट में आने से राजाजी टाइगर रिजर्व के छह साल के हाथी के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। वन विभाग के अनुसार यह हादसा हरिद्वार रेंज की खड़खड़ी बीट में हुआ।

बताया जा रहा है कि हाथियों का एक झुंड सुबह लगभग साढ़े छह बजे रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी झुंड में शामिल नर बच्चा हावड़ा–दून एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। शुरुआती जांच में पाया गया कि ट्रेन की स्पीड निर्धारित सीमा से अधिक थी, जिससे हाथी का बच्चा ट्रेन के नीचे आकर घिसटता चला गया।

वन विभाग ने ट्रेन के लोकोपायलट और सहायक लोकोपायलट के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरिद्वार रेंजर महेश सेमवाल ने बताया कि हादसे के समय चार हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। शुरुआती जांच में धुंध का होना भी हादसे का एक कारण पाया गया है।

हाथी का बच्चा ट्रेन के नीचे फंस गया और काफी देर तक ट्रेन रुकी रही। वहीं हाथियों के झुंड को किसी तरह मौके से हटाया गया। हादसे की जांच जारी है।

×