अंकिता को न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरेगा जनसैलाब, 8 फरवरी को देहरादून महापंचायत का आह्वान

Published: 05 Feb 2026, 04:29 PM   |   Updated: 05 Feb 2026, 04:30 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रामनगर। अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने, महिलाओं को सुरक्षा देने और जंगली जानवरों से इंसानों, फसलों व मवेशियों की रक्षा जैसी मांगों को लेकर 8 फरवरी को देहरादून के परेड ग्राउंड में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह महापंचायत अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले आयोजित की जा रही है।

महापंचायत को सफल बनाने के लिए रामनगर में महिला एकता मंच की ओर से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आम जनता से बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान सरस्वती जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाएं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर समाज में वहशी दरिंदे महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जंगली जानवर आम लोगों पर हमले कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार जनता को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है।

कौशल्या ने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि देहरादून में गुंजन के परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत तक दर्ज नहीं की। इसके परिणामस्वरूप दिनदहाड़े गुंजन की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा अब केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गंभीर सवाल बन चुकी है, जिस पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

जनसंपर्क कार्यक्रम में उषा पटवाल, धना तिवारी, दुर्गा देवी, कुसुम, ललित उप्रेती, किसन शर्मा, मुनीष कुमार, परवीन सैनी समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।

×