एक पल की चूक और गहरी खाई… भवाली मार्ग पर स्कूटी सवार की जान बचाने को दौड़ी SDRF

Published: 05 Feb 2026, 03:58 PM   |   Updated: 05 Feb 2026, 04:00 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

नैनीताल। भवाली मार्ग में पाइंस के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां स्कूटी सवार अचानक संतुलन खो बैठा और वाहन समेत गहरी खाई में जा गिरा। पहाड़ी सड़क पर यह मंजर देख राहगीरों की सांसें थम गईं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि पाइंस के समीप एक स्कूटी सवार खाई में गिर गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल पोस्ट से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम और खड़ी खाई में उतरकर जवानों ने जान जोखिम में डालते हुए घायल तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद स्कूटी सवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायल की पहचान पंगोट निवासी 33 वर्षीय कमल सिंह के रूप में हुई है। आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की मदद से उसे खाई से सड़क तक पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को बी.डी. पांडे जिला अस्पताल नैनीताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने SDRF टीम की तत्परता और साहस की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से एक अनमोल जान बचाई जा सकी।

×