Published:
07 Feb 2026, 06:59 AM
|
Updated:
07 Feb 2026, 07:01 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को भवाली में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई। हिंदूवादी नेता कमल मुनि के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भवाली कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि पीड़िता साधारण और कमजोर सामाजिक पृष्ठभूमि से आती है। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा दबाव बनाए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।
हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच से इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। अधिवक्ता एवं भाजपा नेता शिवांशु जोशी ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी उठाई।
भाजपा नेता आशुतोष चंदोला ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर समाज में सख्त संदेश देना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अवगत कराया कि शुक्रवार को पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज करा दिए गए हैं। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है तथा क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
