Published:
05 Dec 2025, 06:32 AM
|
Updated:
05 Dec 2025, 06:31 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में ‘पैच रिपोर्टिंग एप’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस एप के माध्यम से प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लो.नि.वि) के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज सड़कों के गड्ढों से संबंधित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस मोबाइल एप के माध्यम से अब कोई भी व्यक्ति अपने आसपास सड़कों पर पाए जाने वाले गड्ढों की फोटो खींचकर पूरी जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कर सकता है। साथ ही शिकायतकर्ता को एप के माध्यम से दर्ज शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी चित्र सहित उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
