दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे सीएम धामी, भोलेनाथ का अभिषेक कर दिव्य-भव्य कुंभ का लिया संकल्प

Published: 15 Dec 2025, 09:17 AM   |   Updated: 15 Dec 2025, 09:16 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे। गुरुकुल स्थित दयानंद स्टेडियम में उनका हेलीकॉप्टर उतरा, जहां से वे सीधे कनखल स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने साधु-संतों के साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक, हवन एवं पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह:

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। कड़ी पुलिस एवं प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

2027 कुंभ को लेकर मुख्यमंत्री का बयान:

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे भगवान भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने की कामना लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई:

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के नव-नियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में युवाओं में नया जोश आएगा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने बाल्यकाल से ही संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है और उनके नेतृत्व में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

अखाड़ा परिषद का समर्थन:

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धार्मिक विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के आयोजन में अखाड़ा परिषद परंपराओं के अनुरूप सरकार के साथ खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग:

इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री जयपाल चौहान, शोभाराम प्रजापति, विधायक आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

×