क्रिसमस–नववर्ष में धामी सरकार की सख्ती: होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों पर विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान

Published: 17 Dec 2025, 08:52 AM   |   Updated: 17 Dec 2025, 08:51 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

उत्तराखंड में त्योहारी मौसम के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्यव्यापी विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में गठित टीमें होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, बेकरी, डेयरी, मिठाई दुकानों, फूड कोर्ट और स्ट्रीट फूड जोन तक नियमित और औचक निरीक्षण कर रही हैं। गुलाब जामुन, जलेबी, समोसा, बिरयानी, पिज़्ज़ा, केक और अन्य लोकप्रिय खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। विभाग निर्माण इकाइयों और विक्रय स्थलों पर स्रोत से कार्रवाई कर रहा है, और प्रत्येक कार्रवाई की दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।

इस अभियान में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आम नागरिकों की भागीदारी को भी अहम बताया गया है, ताकि त्योहारी उल्लास के बीच खाद्य सुरक्षा का भरोसा आमजन तक पहुँचे।

×