Published:
03 Dec 2025, 08:25 AM
|
Updated:
03 Dec 2025, 08:24 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
जसपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर अंग्रेज़ सिंह को 251 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, एसएसआई जावेद मलिक, कां. सीमा आर्य, कपिल ओली और हेमगिरी द्वारा पतरामपुर फ्लाईओवर के पास चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान 03 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 12:05 बजे एएनटीएफ रुद्रपुर के हे.कां. भुवन पांडे और कां. विनोद खत्री भी टीम में शामिल हो गए। संयुक्त टीम ने वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान कलियावाला लिंक रोड की ओर से एक बाइक सवार फ्लाईओवर की तरफ आता दिखा। एसएसआई ने रुकने का संकेत दिया, जिस पर बाइक सवार घबराकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान बाइक के दाहिनी ओर लगे सफेद पॉलिथिन से काले-भूरे रंग के पदार्थ के कई छोटे-बड़े टुकड़े सड़क पर गिर गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंग्रेज़ सिंह (40 वर्ष) पुत्र जीत सिंह, निवासी चम्पतपुर चकला, थाना बढ़ापुर, जनपद बिजनौर बताया। उसने स्वीकार किया कि पॉलिथिन में चरस थी, जिसे वह जसपुर में बेचने आया था। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी धर्मेन्द्र सिंह, निवासी कोटा टांडा, रायपुर, बिजनौर के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी करता है और दोनों बिक्री के बाद हिस्सेदारी बांटते हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी अंग्रेज़ सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
