ग्राम स्वराज अभियान: पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

Published: 29 Nov 2025, 05:11 AM   |   Updated: 29 Nov 2025, 05:11 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

पंचायती राज विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान 2025-26 के अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के लिए पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम शैल में किया गया। यह कार्यक्रम हिमालयन एनवायरमेंट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (HELP) के सहयोग से आयोजित हो रहा है।

प्रशिक्षण के पहले दिन प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागी जनप्रतिनिधियों को पंचायती राज से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। उद्घाटन सत्र में हवालबाग ब्लॉक के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दिनेश लाल साह  ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुंवर बिष्ट उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी दक्षता प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

HELP की टीम ने दिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण

HELP संस्था की ओर से मास्टर ट्रेनर गुलशन फर्तवाल और असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर अंकित डिंगरी ने निम्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी—

  • पंचायती राज व्यवस्था

  • पंचायतों के अधिकार एवं दायित्व

  • वित्तीय प्रबंधन

  • पारदर्शिता व सामाजिक उत्तरदायित्व

  • विकास योजनाओं की निगरानी
    प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक उदाहरणों और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं, और उनकी मजबूती से ही गांवों का विकास संभव है।

11 ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि हुए शामिल

प्रशिक्षण कार्यक्रम में हवालबाग ब्लॉक की 11 ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। पहले दिन प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षणों से उन्हें सरकारी योजनाओं की गहन जानकारी मिलने के साथ-साथ कार्य करने की सही दिशा भी मिलती है।

आने वाले दिनों में मिलेंगी कई तकनीकी जानकारियाँ

आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में प्रतिभागियों को—

  • ई-गवर्नेंस

  • भू-स्तरीय योजना निर्माण

  • सामाजिक लेखा-जोखा

  • विभिन्न सरकारी पोर्टलों के संचालन
    से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
    कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।

पहले दिन का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों ने प्रभावी आयोजन के लिए पंचायती राज विभाग और HELP संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

×