हल्द्वानी में जनपद स्तरीय आशा सम्मेलन आयोजित, स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बताई गईं आशा कार्यकर्ता

Published: 06 Feb 2026, 11:26 AM   |   Updated: 06 Feb 2026, 11:28 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

कालाढूंगी रोड स्थित जय नंदा बैंक्वेट हॉल में जनपद स्तरीय आशा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति नैनीताल द्वारा किया गया, जिसमें जिलेभर से आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुरेश भट्ट, महापौर नगर निगम हल्द्वानी गजराज बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) डॉ. संजीव खर्कवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर डॉ. संजीव खर्कवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन और जनजागरूकता कार्यक्रमों में आशाओं के योगदान की सराहना की।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आशा कार्यकर्ता सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जमीनी कड़ी हैं, जिनके बिना जनस्वास्थ्य की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने आशाओं के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर सहयोग और सम्मान देने का भरोसा दिलाया।

सम्मेलन के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

×