Published:
29 Nov 2025, 07:36 AM
|
Updated:
29 Nov 2025, 07:35 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी। जब वर्दी वाला खुद ठगी का शिकार हो जाए और पुलिस सुनवाई तक न करे, तो आम आदमी कितनी सुरक्षा की उम्मीद कर सकता है? हल्द्वानी में तैनात होमगार्ड जवान सुरेंद्र सिंह के साथ हुई लाखों की ठगी में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। मजबूर होकर पीड़ित को न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाना पड़ा, जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने के कड़े निर्देश दे दिए।
सुरेंद्र सिंह ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बताया कि उनका खाता दुर्गा सिटी सेंटर स्थित बैंक में है। 16 अक्टूबर को एटीएम से पैसे निकालने पर लेनदेन असफल हुआ। जब बैंक पहुंचे, तो उन्हें नया एटीएम कार्ड तो दे दिया गया, लेकिन खाते की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। उसी दिन उनके नाम पर ₹2,45,181 का पर्सनल लोन निकाला गया और कुछ ही देर में खाते से कुल ₹4.90 लाख अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
जालसाजों ने उनकी एफडी और आरडी तोड़कर अतिरिक्त ₹3.11 लाख भी निकाल लिए। इंटरनेट बैंकिंग के लिए सुरेंद्र ने कभी आवेदन नहीं किया था। कुल मिलाकर, होमगार्ड जवान को ₹8,01,110 की भारी चपत लगी।
पीड़ित ने तुरंत कोतवाली पुलिस और एसएसपी को शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। अंततः कोर्ट की शरण में जाने पर न्यायालय ने कोतवाली पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने के आदेश दिए। कोतवाल अमरचंद शर्मा ने कहा कि मामले में उचित और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
