Published:
08 Dec 2025, 08:45 AM
|
Updated:
08 Dec 2025, 08:44 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटी ढलानी में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। संस्कार स्कूल की बस बच्चों को उतारने के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई की ओर लुढ़क गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चों को उतारने के बाद चालक बस को ढलान पर खड़ा कर कहीं चला गया। बस धीरे-धीरे पीछे की ओर सरक गई और खाई की तरफ लुढ़कने लगी।
बस को खाई की ओर जाते देखकर छात्रों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती बस से छलांग लगा दी। इस वजह से सभी छात्र गंभीर चोटों से बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ स्कूल प्रबंधन को भी सूचित किया। क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग से सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
