Published:
17 Dec 2025, 07:23 AM
|
Updated:
17 Dec 2025, 07:22 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी। ठंड के मौसम में जरूरतमंद बच्चों के लिए थोड़ी सी गर्माहट भी बड़ी राहत बन जाती है। हल्द्वानी स्थित आईजी कुमाऊं कैंप कार्यालय में ऐसा ही भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर उपस्थित व्यक्ति के दिल को छू लिया।
आईजी कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के नेतृत्व में, टीम थाल सेवा और वीरांगना सोसाइटी के सहयोग से झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में रहने वाले और शुरुआती पढ़ाई कर रहे करीब 125 गरीब व जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर, जूते और मौजे भेंट किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बच्चों को अपने हाथों से गर्म कपड़े पहनाए, उनसे स्नेहपूर्वक बातें कीं, जलपान कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं व शुभकामनाएं दीं। बच्चों की आंखों में चमक और चेहरों पर मुस्कान इस बात का प्रमाण थी कि यह सिर्फ कपड़ों का वितरण नहीं, बल्कि अपनापन और भरोसे का एहसास था।
आईजी कुमाऊं ने टीम थाल सेवा की निस्वार्थ सेवा भावना और वीरांगना सोसाइटी द्वारा दी जा रही निःशुल्क शिक्षा की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा, संरक्षण और अवसर देना ही मजबूत और आत्मनिर्भर भविष्य की नींव रखता है।
आईजी ने बच्चों को लक्ष्य तय करने और उनके सपनों की दिशा में मेहनत करने की अहमियत समझाई। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर बच्चे को आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रेरणा मिल सके।
इस अवसर पर टीम थाल सेवा के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा, राजीव बग्गा, प्रवीण मित्तल, राजीव वाही, स्वाति कपूर, हरित कपूर, कनिका वासुदेवा, रीना मानसेरा, सारिका मित्तल तथा वीरांगना सोसाइटी की संचालिका गुंजन अरोरा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
