खटीमा में शराब पार्टी बनी काल, जहरीले पदार्थ के सेवन से दो की मौत, एक जिंदगी-मौत से जूझ रहा

Published: 06 Feb 2026, 03:51 PM   |   Updated: 06 Feb 2026, 03:54 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

खटीमा/ऊधम सिंह नगर।
खटीमा में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब पार्टी के दौरान जहरीले पदार्थ के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों लोग एक विवाह समारोह से लौटने के बाद शराब का सेवन कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार सीमांत क्षेत्र कंजाबाग निवासी ढिल्लू राणा (52) अपने साथियों मलकीत सिंह राणा और एडवोकेट प्रवेश राणा के साथ कंजाबाग रोड स्थित पार्वती बैंक्वेट हॉल के सामने शराब पी रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शराब से असामान्य गंध आ रही थी, जिससे इसमें पानी या किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

शराब पीते ही तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पेट में तेज जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ती देख स्थानीय निवासी जीवन ने तत्काल निजी वाहन से तीनों को खटीमा उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर वीपी सिंह ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ढिल्लू राणा ने दम तोड़ दिया।

गंभीर हालत में मलकीत सिंह राणा और एडवोकेट प्रवेश राणा को हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मलकीत सिंह की भी मौत हो गई। वहीं एडवोकेट प्रवेश राणा को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसआई किशोर पंत ने बताया कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक ढिल्लू राणा का शव मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और कई सवाल खड़े हो गए हैं।

×