Published:
07 Feb 2026, 06:38 AM
|
Updated:
07 Feb 2026, 06:40 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
खटीमा में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पूरे नैनीताल जिले में आबकारी महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देशों पर शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मदिरा दुकानों और हल्द्वानी में संचालित एफएल-2 अनुज्ञापनों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान आबकारी टीम ने दुकानों में उपलब्ध विभिन्न मदिरा ब्रांडों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री प्रक्रिया और लाइसेंस की शर्तों का बारीकी से परीक्षण किया। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मदिरा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अलग-अलग ब्रांडों के नमूने विधिवत रूप से एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
आबकारी अधिकारियों ने दो टूक कहा कि जिले में अवैध, मिलावटी या संदिग्ध मदिरा के कारोबार से जुड़े किसी भी नेटवर्क को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। खटीमा की घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में मदिरा दुकानों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध मदिरा की बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
खटीमा में हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग की सक्रियता से मदिरा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई तय है।
