रामनगर में गुलदार का हमला खेत में काम कर रहे किसान को किया घायल

Published: 28 Jan 2026, 03:45 PM   |   Updated: 28 Jan 2026, 03:48 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रामनगर।  में जंगली जानवरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बाघ के बाद अब गुलदार के हमले ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। ताजा मामला रामनगर के पीरुमदारा क्षेत्र के कटिया पुल के पास का है जहां गेहूं के खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। कटिया पुल निवासी रईस अहमद उम्र करीब 45 वर्ष ने बताया कि वह अपने गेहूं के खेत में पानी लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास झाड़ियों से अचानक निकले गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान रईस अहमद जमीन पर गिर पड़े। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े जिसके बाद गुलदार वहां से भाग गया। हमले में रईस अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें ग्रामीणों की मदद से तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है। घायल रईस अहमद ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि उन्हें ठीक से समझ ही नहीं आया कि जानवर क्या था लेकिन उन्होंने उसके शरीर पर गोल-गोल निशान देखे। वहीं अस्पताल में तैनात डॉक्टर शारिक ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। गौरतलब है कि रामनगर और आसपास के वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में बीते कुछ समय से बाघ और गुलदार के लगातार हमले सामने आ रहे हैं जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग खेतों में काम करने से भी डरने लगे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।

×