झाड़ियों से निकले गुलदार ने 5 वर्षीय बच्चे को बनाया शिकार, गांव में दहशत का माहौल

Published: 04 Feb 2026, 12:00 PM   |   Updated: 04 Feb 2026, 12:04 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि शाम करीब पांच बजे पांच वर्षीय दक्ष पुत्र हेमंत सिंह अपनी मां के साथ घर के आंगन में था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर आए गुलदार ने बच्चे पर झपट्टा मारा और मां के हाथ से उसे छीनकर जंगल की ओर भाग गया। मां के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार ओझल हो चुका था। घटना के तुरंत बाद गांव के लोग एकजुट होकर बच्चे की तलाश में जुट गए। जंगल और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, गांव में बच्चों और महिलाओं को लेकर खासा डर बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन और वन विभाग से मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं। पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और गुलदार की तलाश के साथ बच्चे को ढूंढने के प्रयास जारी हैं

×