अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: कृष्णा स्टोन क्रेशर सीज, संचालन पर पूर्ण रोक

Published: 16 Dec 2025, 12:04 PM   |   Updated: 16 Dec 2025, 12:03 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

संचालन पर पूर्ण रोक, ग्रामीणों को मिली राहत

कृष्णा स्टोन क्रेशर परिसर में विशालकाय गड्ढा खोदकर अवैध रूप से रेता-बजरी निकालने और आबादी क्षेत्र में मानकों की अनदेखी कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।

राजस्व और खान विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर क्रेशर परिसर में छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान टीम ने गड्ढे की पैमाइश की और खुदाई से संबंधित अनुमति व अभिलेख मांगे, लेकिन संचालक आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।

पूर्व में जुर्माना लगाए जाने के बावजूद वर्तमान खुदाई के कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कृष्णा स्टोन क्रेशर को तीन दिनों के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने तक सीज कर दिया और उसके संचालन पर पूर्ण रोक लगा दी।

जिला खान अधिकारी ताजवर सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि वैध दस्तावेज नहीं पेश किए गए तो जुर्माने और अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से परेशान ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अवैध खनन और प्रदूषण के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।

×