हड़कंप: काठगोदाम स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस के शौचालय में मिला भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

Published: 17 Dec 2025, 06:59 AM   |   Updated: 17 Dec 2025, 06:59 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर खड़ी बाघ एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय में भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। यह मामला रेलवे प्रबंधन की ओर से की जा रही रुटीन जांच के दौरान सामने आया। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

प्रारंभिक जांच में भ्रूण की उम्र करीब सात से आठ माह बताई जा रही है। ट्रेन संख्या 13020 बाघ एक्सप्रेस रात को हावड़ा के लिए रवाना होने से पहले काठगोदाम स्टेशन पर खड़ी थी। ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय रात 9:50 बजे था।

रुटीन चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा

रेलवे प्रबंधन द्वारा ट्रेन की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक जनरल डिब्बे के शौचालय में भ्रूण पड़ा मिला, जिसे देखकर जांच टीम के अधिकारी हैरान रह गए। तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थानाध्यक्ष जीआरपी कमल कोरंगा ने बताया कि आशंका है कि किसी अज्ञात महिला ने शौच के बहाने भ्रूण को शौचालय में फेंका है। मामले की जांच के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा ट्रेन में सफर कर रही महिलाओं की महिला स्टाफ द्वारा जांच भी की गई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। जांच जारी है।

×