बड़े मीट के बढ़े दामों को लेकर रामनगर नगर पालिका में विरोध प्रदर्शन, रेट घटाने की मांग

Published: 28 Jan 2026, 03:50 PM   |   Updated: 28 Jan 2026, 03:56 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

बड़े मीट के मूल्य में की गई वृद्धि को लेकर बुधवार को नगर पालिका परिषद रामनगर में विरोध प्रदर्शन हुआ। नगर पालिका के सभासदों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मुस्लिम समाज के लोगों ने नगर पालिका पहुंचकर अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल का घेराव किया और बढ़े हुए रेट कम किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्तमान में रामनगर में बड़े का मीट 340 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है, जबकि हल्द्वानी, कालाढूंगी, काशीपुर, जसपुर और रुद्रपुर जैसे आसपास के क्षेत्रों में यही मीट 270 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है। जब मीट की आपूर्ति एक ही स्थान से हो रही है, तो रामनगर में अधिक दाम वसूले जाने पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीट विक्रय के लिए आवंटित फड़ों में पारदर्शिता नहीं है और कुछ फड़ नियम विरुद्ध तरीके से अन्य लोगों को सौंपे गए हैं जिसकी जांच की जानी चाहिए। इसके साथ ही मीट विक्रेताओं द्वारा उपभोक्ताओं से अभद्रता गाली-गलौज और मारपीट के आरोप भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मीट के रेट कम नहीं किए गए तो नगर पालिका में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मामले में नगर पालिका ईओ आलोक उनियाल ने बताया कि बड़े मीट के रेट को लेकर बोर्ड में प्रस्ताव रखा जाएगा और फरवरी माह में होने वाली बोर्ड बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी ठेकेदार द्वारा अपने फड़ नियम विरुद्ध तरीके से बेचे गए हैं तो उनकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मीट विक्रय स्थलों पर जनता की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी लगाए जाएंगे। इस दौरान शेर खान, सभासद शमीम अहमद, सभासद नदीम अंसारी, सभासद प्रतिनिधि राजा सलमानी, सभासद सलमान सलमानी, आप की खिदमत के अध्यक्ष शुएब कुरैशी, खिदमते-ए-खल्क के अध्यक्ष जिशान कुरैशी, समाजसेवी आदिल खान, कांग्रेस नेता नजाकत अली, पूर्व सभासद मुजाहिद सिद्दीकी, कांग्रेस नेता अनीस आलम अंसारी, बसपा नेता नवाब अहमद, बसपा नेता सगीरुद्दीन, अनीस अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

×