Published:
29 Nov 2025, 05:37 AM
|
Updated:
29 Nov 2025, 05:37 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
भाजपा नेता विपिन कांडपाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बैलपड़ाव न्याय पंचायत की समस्याओं को लेकर नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा के सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि क्षेत्र में लोग अपने निजी आवास, गौशाला अथवा सामान्य उपयोग की इमारतें बना रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद विकास प्राधिकरण लगातार नोटिस जारी कर रहा है, जो ग्रामीणों के अनुसार अनुचित है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यावसायिक प्रतिष्ठान, रिजॉर्ट या बड़े निर्माण हो रहे हैं तो प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास करना उचित है, लेकिन सामान्य ग्रामीण आवासों पर कार्रवाई करना बेवजह की परेशानी पैदा कर रहा है।
ग्रामीणों ने सांसद से अनुरोध किया कि इस मुद्दे पर संज्ञान लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
सांसद अजय भट्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही इस विषय में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे और प्राधिकरण की कार्रवाइयों से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं से सरकार को अवगत कराया जाएगा और समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों और भाजपा नेता विपिन कांडपाल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और कार्रवाई का भरोसा देने के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।
ज्ञापन देने वालों में मयंक अधिकारी, कैलाश चंद तिवारी, मोहन चंद तिवारी, अनिल कंबोज, पीतांबर तिवारी सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
