बिना दस्तावेज चावल की तस्करी! तड़के पकड़ा गया ट्रक, ₹53,750 का जुर्माना

Published: 16 Dec 2025, 08:41 AM   |   Updated: 16 Dec 2025, 08:40 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हल्द्वानी। मंडी सचिव दिग्विजय सिंह देव के सख्त निर्देशों के तहत मंडी प्रशासन के सचल दल ने तड़के बरेली रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से माल ढोने वालों में हड़कंप मचा दिया।

चेकिंग के दौरान एक टाटा ट्रक (संख्या UK07-CA/4565) तेज रफ्तार में मंडी बायपास की ओर भागता नजर आया। जब सचल दल ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और ट्रांसपोर्ट नगर से पहले ओवरटेक कर उसे रोक लिया।

वाहन चारों ओर से तिरपाल से कसकर ढका हुआ था। जांच करने पर ट्रक के भीतर चावल के 100 कट्टे, कुल लगभग 50 कुंतल माल पाया गया। जब चालक से मंडी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वह मौके पर कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडी प्रशासन ने नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई की। पकड़े गए वाहन और माल पर ₹50,000 जुर्माना, ₹3,000 मंडी शुल्क और ₹750 विविध शुल्क लगाते हुए कुल ₹53,750 की वसूली की गई।

इस कार्रवाई में सचल दल के संतोष कुमार सिंह, भुवन गोस्वामी, ललित मोहन, मोहन पाठक सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिना कागजात और नियमों के विरुद्ध माल परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

×