आरटीओ दफ्तर में डीएम का औचक छापा, दलाल भागे, कर्मचारियों को सख्त हिदायत

Published: 07 Feb 2026, 07:45 AM   |   Updated: 07 Feb 2026, 07:49 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

नैनीताल। आरटीओ कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अचानक छापेमारी कर दी। डीएम के पहुंचते ही कार्यालय में मौजूद दलालों में हड़कंप मच गया और कई दलाल परिसर से फरार हो गए।

जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय के सभी अनुभागों का निरीक्षण किया और कामकाज की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपनी नेम प्लेट और पहचान पत्र (आई कार्ड) अनिवार्य रूप से पहनें।

डीएम ने साफ कहा कि कार्यालय में किसी भी काम को लंबित न रखा जाए और आम लोगों के कार्य तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति लाइसेंस या वाहन पंजीकरण जल्दी कराने के नाम पर हस्तक्षेप करता है, तो उसे तुरंत कार्यालय परिसर से बाहर किया जाए और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्ड सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके।

इस दौरान आरटीओ हल्द्वानी गुरदेव सिंह सहित परिवहन विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

×