Published:
04 Dec 2025, 08:27 AM
|
Updated:
04 Dec 2025, 08:26 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
पौड़ी जनपद में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार शाम हुए हमले में एक बच्चा घायल हुआ था, और इसके अगले ही दिन गुरुवार सुबह गजल्ट गांव में गुलदार ने 42 वर्षीय राजेंद्र नौटियाल को मौत के घाट उतार दिया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घटना पौड़ी मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर सत्यखाल के पास गजल्ट गांव की है। राजेंद्र नौटियाल सुबह मंदिर में पूजा कर घर लौट रहे थे, तभी करीब 7:30 बजे घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुलदार शव को घसीटकर झाड़ियों में ले गया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। हर बार सिर्फ निचले स्तर के कर्मचारियों को भेजकर औपचारिकता निभा दी जाती है, जबकि गांव लगातार भय के साए में जी रहे हैं।
गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक बड़े अधिकारी नहीं पहुंचते, शव का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया जाएगा।
42 वर्षीय राजेंद्र दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
3 दिसंबर को कोट ब्लॉक में आंगनवाड़ी से लौट रहे 4 वर्षीय बच्चे पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया था। इससे पहले 20 नवंबर को कोटी गांव में एक महिला की गुलदार के हमले में मौत हो गई थी। अगले ही दिन ढांढरी गांव में एक बुजुर्ग महिला पर भी हमला हुआ था।
