Published:
07 Feb 2026, 11:04 AM
|
Updated:
07 Feb 2026, 11:06 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और भारतीय संस्कृति व परंपराओं से समाज को जोड़ने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्मों से समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता बढ़ती है, इसलिए इन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
धामी ने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। राज्य में गोसदनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल हो सके। इसके साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आय बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में भी उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़ी फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहन देती रहेगी।
