Published:
17 Dec 2025, 10:03 AM
|
Updated:
17 Dec 2025, 10:02 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
काशीपुर। शहर में स्ट्रीट फूड और ठेले-फड़ कारोबार को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। बुधवार को मेयर दीपक बाली ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मेयर ने बताया कि जेल रोड पर स्ट्रीट फूड स्टॉलों के कारण अक्सर यातायात जाम और अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों को वेंडिंग जोन के लिए प्रस्तावित किया गया, उनमें
सीतापुर आई हॉस्पिटल के पास,
द्रोणासागर के पीछे डोले वाली सड़क,
गिरीताल क्षेत्र,
रामनगर रोड,
लक्ष्मीपुर माइनर क्षेत्र शामिल हैं।
मेयर दीपक बाली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेंडिंग जोन इस तरह विकसित किए जाएं, जिससे व्यापारियों को सुविधा मिले और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
इस मौके परएमएनए रविन्द्र बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, पटवारी दिलशाद हुसैन, जेई सलमान, जेई अभिषेक, आर्किटेक्ट संस्कृति एवं सारांश उपस्थित रहे।
