Published:
10 Dec 2025, 06:02 AM
|
Updated:
10 Dec 2025, 06:01 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून। नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय पर जोरदार हंगामा और घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जुलूस की शक्ल में निकली महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस मुख्यालय से पहले ही रोक दिया। इससे नाराज़ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। इसके बाद पुलिस ने कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवतियों को गाड़ियों में भरकर एकता विहार छोड़ दिया।
प्रदर्शन में बोलते हुए ज्योति रौतेला ने कहा कि रोजगार की मांग कर रही बेटियों के साथ इस तरह का अपमानजनक व्यवहार सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर शक्ति का दुरुपयोग कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
रौतेला ने आरोप लगाया कि नर्सिंग युवतियाँ अपने अधिकारों और रोजगार की मांग कर रही थीं, लेकिन सरकार ने संवाद की जगह उन्हें थप्पड़ों और धक्कों से जवाब दिया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का स्पष्ट हनन है।
दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई हो।
घटना की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से गरिमा मेहरा दसौनी, आशा मनोरमा डोबरियाल, उर्मिला थापा, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, अनीता सकलानी, रेखा ढींगरा, सावित्री थापा, मंजू सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और नर्सिंग बेरोज़गार युवतियाँ शामिल रहीं।
