Published:
05 Dec 2025, 10:35 AM
|
Updated:
05 Dec 2025, 10:35 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
रूद्रपुर। गुरूवार की सायं ग्राम कलकत्ता फार्म, किच्छा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कलकत्ता फार्म, किच्छा निवासी मिढ़ई लाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके इस कार्य में उनके दो पुत्र, 32 वर्षीय सोनू और 23 वर्षीय प्रिंस, भी सहयोग करते हैं। परिजनों ने बताया कि सोनू पिछले दो दिनों से मजदूरी पर नहीं जा रहा था। गुरूवार को दोपहर उसकी हालत अचानक तेजी से खराब हो गई, जिस पर उसे उपचार के लिए सामुदायिक चिकित्सालय किच्छा ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
